hansrajji-maharaj

राम

“सर्व शक्तिमते परमात्मने श्री रामाय नम:”

सर्वशक्तिमते परमात्मने श्री रामाय नमः

नव वर्ष 2020 के आगमन के शुभ अवसर पर साधकों के प्रति गुरुदेव का सन्देश

इस पावन बेला पर आप सब को नव वर्ष की बधाई देता हूँ। नव वर्ष 2020 आप सब के लिए मंगलमय हो। नव वर्ष सब के लिए नव चेतना, सौभाग्य एवं शुभ संकल्पों की पूंजी एकत्रित करने का समय है | मेरी शुभ कामना है कि आप सब के जीवन में सुख, समृद्धि, पवित्रता, सत्संग और नाम सिमरन का उदय हो |

जगे चेतना विमलतम, हो सत्य सुप्रकाश |
शान्ति सर्व आनन्द हो, पाप ताप का नाश ||

मुझे आपसे आज यही कहना है कि राम नाम के सिमरन से सन्तोष और कृतज्ञता के भावों को बल मिलता है | चिन्ताओं से निवृति मिलती है | जीवन में आनन्द और शान्ति प्राप्त करने का यही सच्चा, सरल और सुगम मार्ग है | जो नियमित प्रार्थना करता है उसका जीवन स्वतः सन्मार्ग की ओर उन्मुख होने लगता है | प्रार्थना मन को उन्नत बनाती है | इससे मन और बुद्धि की शुद्धि होती है | प्रार्थना आपके मन के अन्धेरों को भी दूर कर देगी और आप परम शान्ति को लाभ करेंगे |

प्रार्थना के लिए कोई विशेष पद्धति अथवा विद्वता की कोई आवश्यकता नहीं है | और नाही यह कोई शब्दों की योजना है | विश्वासी जन की शुद्ध ह्रदय से निकली टूटे फूटे शब्दों द्वारा ईश्वर के आगे विनय पूर्ण गुहार उस ईश्वर के धाम तक अवश्य पहुँच जाती है |

विश्वास कीजिये श्री राम के प्रेम और भक्ति में मन को रमाने में जो शान्ति, सुख और सन्तोष प्राप्त होता है – उस सुख के सामने अन्य सब सुख फीके हैं | प्रभु की निकटता एवं सान्निध्य प्राप्त करने का यह उत्तम साधन है |

मेरा मन मन्दिर बने, मन में राम रमाये |
वाणी में हो कीर्तन, परम प्रेम में आये ||

नव वर्ष 2020 का अभिनन्दन करते हुए ईश्वर से अपने और आप सब के लिए सबल विश्वास, सेवा-सिमरन और सत्संकल्पों का आशीर्वाद माँगता हूँ |
श्री राम और गुरुदेव का पथ प्रदर्शन हमें सदैव मिलता रहे |

आपका शुभाकांक्षी
कृष्ण
1-1-2020